दाऊ उत्तम साव शासकीय महाविद्यालय मचादुंर जिला दुर्ग छ.ग. में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में दाऊ उत्तम साव जी की 128 वीं जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक "पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधरोपण के साथ हुई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता मैहुरिया की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज सुधारक, आयुर्वेदाचार्य, समाज रत्न स्व. दाऊ उत्तम साव जी के जन्म दिवस पर शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया। दाऊ उत्तम साव जी के पौत्र सुभाष साव ने बताया कि दाऊ उत्तम साव ने न केवल समाज एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में, अपितु स्वतंत्रता संग्राम में भी अप्रत्यक्ष रूप से अपना योगदान दिया है। ग्राम पंचायत मचांदुर के सरपंच युगल किशोर साहू ने कहा कि महाविद्यालय का नाम दाऊ जी के नाम पर रखा जाना अंचल के लिए गर्व का विषय है। आभार प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य डॉ. संगीता ने विद्यार्थियों से अपने संबोधन में कहा कि ऐसे महापुरुषों के चरित्र से प्रेरणा लेते हुए हमें अपने व्यक्तित्व का विकास करना होगा। कार्यक्रम में डिकेंद्र हिरवानी, जामवंत गजपाल, घनश्याम साहू, सीताराम यादव, थान सिंह, गजानन साहू, धारेंद्र देवांगन, महाविद्यालय से प्राध्यापक एन.एस.एक्का, डॉ.कल्याणी, डॉ.नीलम, हितेंद्र वर्मा, सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी श्री विकास कुमार टांडेकर ने किया।